back to top

सीतागांव पुलिस की चौपाल: साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और महिला सुरक्षा का दिया संदेश, ग्रामीणों में बांटे पौधे…

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले के थाना सीतागांव क्षेत्र के ग्राम हलांजूर एवं एड़मा-बड़मा में रविवार को सामुदायिक पुलिसिंग के तहत “पुलिस की चौपाल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा तथा आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण और पौधारोपण भी किया गया।

Advertisements

कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल एवं एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार यादव ने थाना क्षेत्र की तीन बीट के अंतर्गत आने वाले 14 गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और आंगनबाड़ी के बच्चों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन 1930 और नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में नशामुक्ति अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। साथ ही अभिव्यक्ति ऐप, डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1091, घरेलू हिंसा, बाल सुरक्षा एवं महिलाओं के अधिकारों की जानकारी भी दी गई।

बारिश के मौसम को देखते हुए ग्रामीणों को जहरीले जीव-जंतुओं एवं सर्पदंश से बचाव के उपाय बताए गए। पर्यावरण संरक्षण के तहत थाना क्षेत्र के सभी 14 गांवों में फलदार पौधों का वितरण किया गया। वहीं सीतागांव एवं सेंडावाही में पीपल, बरगद, नीम और करंज के पौधे लगाए गए, जबकि अन्य गांवों में भी चरणबद्ध तरीके से पौधारोपण अभियान जारी है।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत हलांजूर की सरपंच श्रीमती फुलबती कुमेटी, ग्राम पटेल रैनुराम दुग्गा, एड़मा-बड़मा के ग्राम पटेल सनकेर तुलावी, स्कूली छात्र-छात्राएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पुलिस की इस जनजागरूकता और विश्वास निर्माण की पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

Advertisements

You cannot copy content of this page