
प्रत्याशियों की सूची जल्द होगी जारी, जीतने योग्य उम्मीदवारों को मिलेगा टिकट; अध्यक्ष पद पर भी जीत का दावा
खैरागढ़। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर खैरागढ़ में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद दीपक बैज खैरागढ़ पहुंचे, जहां स्थानीय कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके एक दिवसीय दौरे को आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस अवसर पर कांग्रेस की ओर से दिवाली मिलन समारोह एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। समारोह के दौरान स्थानीय नेताओं के साथ नगरीय निकाय चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और प्रत्याशियों के चयन को लेकर चर्चा की गई।
भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर हमला
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। बिजली दरों, गैस सिलेंडर तथा रोजमर्रा की वस्तुओं शक्कर, आलू और चावल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता परेशान है।
उन्होंने आगामी 2028 और 2029 के चुनावों में कांग्रेस की मजबूती के साथ वापसी करने तथा सरकार बनाने का दावा भी किया।
जल्द घोषित होंगे प्रत्याशियों के नाम
पत्रकारों से चर्चा के दौरान नगर पालिका चुनाव के प्रत्याशियों की सूची जारी होने संबंधी सवाल पर दीपक बैज ने कहा कि उम्मीदवारों के नाम जल्द घोषित किए जाएंगे। नगर पालिका अध्यक्ष पद सहित सभी 20 वार्डों के प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। स्थानीय नेताओं से विचार-विमर्श कर जीतने योग्य उम्मीदवारों को टिकट देने पर प्राथमिकता से विचार किया जा रहा है।
खैरागढ़ नगर पालिका के 20 वार्डों में कांग्रेस की जीत की संभावनाओं को लेकर उन्होंने एक तिहाई से अधिक सीटें जीतने का दावा किया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस की जीत का भरोसा जताया।
वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा, नगर पालिका चुनाव की पर्यवेक्षक एवं खुज्जी की पूर्व विधायक छन्नी साहू सहित जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। दीपक बैज के आगमन से स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का यह दौरा आगामी नगर पालिका चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक सक्रियता और प्रत्याशियों के चयन के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब कांग्रेस की प्रत्याशी सूची जारी होने का इंतजार है, जिस पर स्थानीय राजनीतिक गलियारों की नजरें टिकी हुई हैं।










































