back to top

राजनांदगांव: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के खिलाफ स्वर्णकार समाज ने एसपी से की शिकायत…

राजनांदगांव। श्री मैढ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज, श्री अजमीढ़ भवन राजनांदगांव के पदाधिकारियों ने समाज विशेष के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करने वाले दो व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है।

Advertisements

समाज की ओर से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शहर निवासी दो युवकों द्वारा व्हाट्सएप समूहों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्वर्णकार समाज के प्रति लगातार आपत्तिजनक, अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि इन टिप्पणियों से समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं तथा सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्तियों को समाज के वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों द्वारा कई बार समझाइश दी गई, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां और समाज को बदनाम करने वाली पोस्ट जारी रहीं। समाज ने आरोप लगाया कि ऐसी गतिविधियां समाज की एकता और आपसी भाईचारे को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हैं।

स्वर्णकार समाज के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह भी किया है।

समाज ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो समाज के लोग आगे की रणनीति बनाने के लिए बाध्य होंगे।

Advertisements

You cannot copy content of this page