back to top

गर्मी में भी नहीं थमा जज्बा: एनएसएस स्वयंसेवियों ने घर-घर चलाया नशा मुक्ति और साइकिल जागरूकता अभियान…

राजनांदगांव, 3 जून 2026। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच भी शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवियों ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। तम्बाकू निषेध सप्ताह 31 मई एवं विश्व साइकिल दिवस 3 जून के उपलक्ष्य में महाविद्यालय की दोनों एनएसएस इकाइयों ने एक अनूठा जागरूकता अभियान चलाया।

गर्मी को देखते हुए महाविद्यालय ने निर्णय लिया कि यह गतिविधियां स्वयंसेवी अपने घर और आस-पास के मोहल्ले में रहकर ही संचालित करेंगे। प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता के निर्देशन एवं इकाई-01 के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. संजय सप्तर्षि तथा इकाई-02 की कार्यक्रम अधिकारी प्रो. करुणा रावटे के मार्गदर्शन में अभियान को अंतिम रूप दिया गया।

अभियान के प्रथम चरण में स्वयंसेवियों ने नशा मुक्ति विषय पर आकर्षक पोस्टर, स्लोगन और चित्र तैयार किए। इन पोस्टरों में तम्बाकू से होने वाले कैंसर, हृदय रोग और पारिवारिक विघटन जैसे दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। कई स्वयंसेवियों ने अपने घर की दीवारों और मोहल्ले के सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर बनाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

द्वितीय चरण में सुबह एवं शाम के समय स्वयंसेवियों ने अपने परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों के साथ मिलकर छोटी-छोटी साइकिल रैलियां निकालीं। रैली के दौरान ‘साइकिल चलाओ, पर्यावरण बचाओ’, ‘नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो’ जैसे नारे लगाए गए। स्वयंसेवियों ने लोगों को बताया कि नियमित साइकिल चलाने से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है बल्कि ईंधन की बचत और वायु प्रदूषण में भी कमी आती है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी स्वयंसेवियों ने ऑनलाइन माध्यम से सामूहिक रूप से नशा मुक्त समाज बनाने और सप्ताह में कम से कम तीन दिन साइकिल का उपयोग करने का संकल्प लिया।

Advertisements

You cannot copy content of this page