
राजनांदगांव। असामाजिक तत्वों और गुंडा-बदमाशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिखली पुलिस ने पिस्टल दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने और क्षेत्र में दहशत फैलाने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक काले रंग की पिस्टल और मैग्जिन बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर की रात चिखली पुलिस को सूचना मिली थी कि रमन बाजार स्थित बड़ा तालाब पार एक युवक पिस्टल दिखाकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर धनुष साहू उर्फ गोलू को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक काले रंग की पिस्टल और मैग्जिन बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के माध्यम से पिस्टल खरीदे जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक चारों आरोपी क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर लोगों के बीच भय का माहौल बनाने और अपना दबदबा कायम करने का प्रयास कर रहे थे।
मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।










































