back to top

छुईखदान पुलिस ने 114 ग्राम गांजा के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार…

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छुईखदान पुलिस ने गांजा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से 114 ग्राम गांजा और बिक्री की नगदी सहित कुल 3,150 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।

Advertisements

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खैरी निवासी भारत मरकाम उर्फ नंदू (50 वर्ष) अवैध रूप से गांजा रखकर गांव में घूम-घूमकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम खैरी के मुख्य मार्ग स्थित कचरा शेड के पास घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से एक कपड़े के थैले में रखा 114 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2,800 रुपये तथा गांजा बिक्री से प्राप्त 350 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने कुल 3,150 रुपये मूल्य का मशरूका जब्त किया।

आरोपी के विरुद्ध थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 257/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे उपजेल सलोनी न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Advertisements

You cannot copy content of this page