back to top

ड्राई डे पर थाना से महज 100 मीटर दूर 53 पौवा शराब! पुलिस कार्रवाई ने खड़े किए कई सवाल…


राजनांदगांव। 2 अक्टूबर यानी ड्राई डे के दिन ठेलकाडीह थाना से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर 53 पौवा देशी शराब बरामद होने की पुलिस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर दुकान के पास दबिश देकर अनिल जांगड़े के कब्जे से 53 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 9.540 बल्क लीटर और कीमत ₹4,240 बताई गई है।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 181/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की और 3 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक आदेश पर उपजेल सलोनी भेजा गया।


लेकिन इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर कई सवाल उठ रहे हैं। जब 2 अक्टूबर को ड्राई डे था, तो थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर इतनी मात्रा में शराब कैसे पहुंची? क्या शराब की बिक्री या सप्लाई पहले से चल रही थी? क्या संबंधित क्षेत्र में पुलिस की नियमित निगरानी थी? और यदि थी, तो इतनी नजदीक शराब की मौजूदगी की जानकारी पुलिस को मुखबिर की सूचना के बाद ही क्यों मिली?


इन सवालों का जवाब पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से स्पष्ट किया जाना बाकी है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि मामले में अवैध शराब के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
अब देखने वाली बात यह है कि ड्राई डे के दिन थाना परिसर से इतनी कम दूरी पर शराब पहुंचने के पूरे मामले की जांच केवल आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित रहती है या शराब की सप्लाई के स्रोत और संभावित नेटवर्क तक भी पहुंचती है।

Advertisements

You cannot copy content of this page