मानपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब सहित ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार…


मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र ले जाई जा रही लगभग 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में करीब 75.28 लाख रुपये मूल्य की शराब और ट्रक को जब्त किया गया है, जबकि चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय. पी. सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों पीताम्बर पटेल, देवचरण पटेल एवं एसडीओपी विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना मानपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर महाराष्ट्र बॉर्डर की ओर ले जाई जा रही है।


सूचना के आधार पर पुलिस ने एसडीएम कार्यालय मानपुर के पास मोबाइल चेक पोस्ट स्थापित कर सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान वाहन क्रमांक CG 15 DZ 4515 को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस को देखकर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बलराम सिंह डांगी, निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) बताया।
वाहन की तलाशी में 100 पेटी रॉयल स्टेज, 300 पेटी बीयर और 400 पेटी गोवा व्हिस्की सहित कुल लगभग 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 50.28 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल 75.28 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र से लोड की गई थी और इसे महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले के सीमावर्ती गांवों में खपाने की योजना थी। पुलिस अब इस अवैध तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।


यह कार्रवाई थाना प्रभारी मानपुर निरीक्षक कपिल देव चंद्रा के नेतृत्व में थाना मानपुर पुलिस एवं साइबर सेल मोहला की संयुक्त टीम ने की। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अवैध शराब की बड़ी खेप महाराष्ट्र पहुंचने से पहले ही पकड़ी जा सकी।