
राजनांदगांव। सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एक डॉक्टर एवं सोमनी थाना में पदस्थ पुलिस कर्मी के खिलाफ कार्रवाई और बर्खास्तगी की मांग को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू मुदलियार ने परिजनों के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मिली जानकारी के अनुसार परिजनों ने आरोप लगाया कि संबंधित डॉक्टर और पुलिस कर्मी द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही एवं अनुचित व्यवहार किया गया, जिससे परिवार को मानसिक और सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायत में दोनों कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू मुदलियार ने कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी एवं परिजन आगे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ अन्याय किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
परिजनों ने ASP को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित डॉक्टर एवं पुलिस कर्मी को सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।










































