
राजनांदगांव। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग बालिका से संपर्क स्थापित कर उसका शारीरिक शोषण करने और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है।
आरोपी पिछले तीन वर्षों से बालिका को धमकाकर उसका शोषण कर रहा था। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर तुमड़ीबोड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 को पीड़िता की मां ने पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि ग्राम दीवानभेड़ी निवासी किशोर साहू (31 वर्ष), पिता इंदल साहू ने इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग बालिका से परिचय बढ़ाया और उसे मिलने के लिए बुलाया।
इस दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए तथा अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद आरोपी उन फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लगातार तीन वर्षों तक बालिका को ब्लैकमेल करता रहा और उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी कर कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार के निर्देशन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, प्रधान आरक्षक लोकनाथ वर्मा, आरक्षक चंद्रशेखर यादव, थलेश देशमुख, डिगम्बर सिदार सहित तुमड़ीबोड़ चौकी के पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।










































