back to top

राजनांदगांव: उधारी रकम के विवाद में युवक को जबरन ले जाकर पीटा, तीन आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। उधारी रकम वापस नहीं करने की बात को लेकर एक युवक को जबरन अपने साथ ले जाकर घर का शटर बंद कर मारपीट करने के मामले में बसंतपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बैट और आई-क्यूब स्कूटी जब्त की है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Advertisements

पुलिस के अनुसार ठेठवारपारा निवासी सन्नी पंसारी ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने सदर लाइन निवासी दीपक जैन और सौरभ जैन से करीब तीन लाख रुपये उधार लिए थे। वह इस रकम की प्रतिमाह किश्त भी अदा कर रहा था।

रिपोर्ट के मुताबिक 18 सितंबर को सन्नी समदा अस्पताल से अपने घर लौट रहा था। दोपहर करीब 1:30 बजे दुर्गा चौक के पास सौरभ जैन, दीपक जैन और उनके एक अन्य साथी ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और अपने घर ले गए। वहां शटर बंद कर उधारी रकम वापस करने की मांग की गई। तत्काल रकम नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने कथित रूप से लकड़ी के बैट और हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 443/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सौरभ जैन, दीपक जैन और करण साहू को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों से घटना के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस ने उनके कब्जे से लकड़ी का बैट और आई-क्यूब स्कूटी क्रमांक CG-08-AY-7009 जब्त की है।

आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, उप निरीक्षक नरेश सार्वा, प्रधान आरक्षक महेन्द्र साहू, आरक्षक राजेश बंदेश्वर, रूपेन्द्र वर्मा एवं महिला आरक्षक अनुपमा चन्द्रवंशी की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page