
राजनांदगांव। शराब पीने के लिए पैसे देने से इनकार करना एक एम्बुलेंस चालक को भारी पड़ गया। आरोपियों ने पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसके साथ मारपीट की, फिर स्कूटी में बैठाकर मोहारा नदी के पास ले गए।
वहां जबरदस्ती शराब पिलाई, मोबाइल नदी में फेंक दिया और डंडे से जमकर पिटाई की। मामले में लालबाग पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे पहले पुलिस इस प्रकरण में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 13 नवंबर 2026 की है। एम्बुलेंस चालक रोशन साहू मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव में ड्यूटी पर था। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे आरोपी अस्पताल पहुंचे और उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद आरोपी तरुण साहू और उसके साथी रोशन साहू को स्कूटी में बैठाकर मोहारा नदी के पास ले गए। वहां गजेंद्र साहू भी पहुंच गया। चारों ने मिलकर रोशन को जबरदस्ती शराब पिलाई और उसका मोबाइल नदी में फेंक दिया। इसके बाद हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट कर उसे उसकी नानी के घर छोड़ दिया।
पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना लालबाग में धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार जांगड़े के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने इस मामले में पहले ही 15 नवंबर को आरोपी तरुण साहू और गजेंद्र साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, फरार दो अन्य आरोपियों तुषार मंडावी (19 वर्ष) और जतिन यादव उर्फ जीतू (20 वर्ष), दोनों निवासी राहुल नगर लखोली वार्ड क्रमांक 32, राजनांदगांव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार जांगड़े, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कन्हैया लाल साहू एवं आरक्षक लेखराम वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।










































