back to top

राजनांदगांव : शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे दो भाइयों पर पुलिस का शिकंजा…

राजनांदगांव। थाने में दर्ज शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने और गाली-गलौज कर विवाद करने के मामले में लालबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो भाइयों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अनुविभागीय दंडाधिकारी राजनांदगांव के समक्ष पेश किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को थाना लालबाग क्षेत्र के ग्राम राजा भानपुरी में तरुण कुमार साहू (26 वर्ष) और मुकेश साहू (32 वर्ष) निवासी राजा भानपुरी द्वारा आपसी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति पर थाने में दर्ज रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। इस दौरान दोनों ने गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया।

मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस टीम ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। स्थिति को देखते हुए संज्ञेय अपराध की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ पूर्व में भी थाना लालबाग में मारपीट का मामला दर्ज हो चुका है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लालबाग निरीक्षक सुरेश कुमार जांगड़े के नेतृत्व में की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों और विवाद करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।