
राजनांदगांव में चाकू की नोक पर ऑटो चालक से लूट करने वाले चार आरोपियों को लालबाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, घटना में प्रयुक्त चाकू और एक्टिवा वाहन जब्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गांधी चौक दीवानपारा निवासी 51 वर्षीय ऑटो चालक राजेंद्र कुमार साहू ने थाना लालबाग में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 अगस्त को दोपहर करीब 2:10 बजे वह पेंड्री स्थित मंदिर के पास लघुशंका के लिए रुका था।
इसी दौरान लाल रंग की एक्टिवा में सवार चार युवकों ने उसे घेर लिया। एक आरोपी ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी, जबकि अन्य आरोपियों ने उसकी जेब से 500 रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया और फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में लालबाग पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चारों आरोपियों दिगंबर साहू, अजय ठाकुर, सुजल साहू और घनश्याम खरे उर्फ धनशु को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने वारदात करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, एक्टिवा वाहन, लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद कर लिए हैं।
चाकू का इस्तेमाल किए जाने के कारण आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 311 के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार चारों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट तथा मारपीट के कई मामले दर्ज हैं।










































