
राजनांदगांव जिले की सोमनी पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो असामाजिक तत्वों और हत्या के प्रयास के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक के.पी. मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना सोमनी पुलिस लगातार अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में ग्राम बघेरा से जनप्रतिनिधियों और मोहल्लेवासियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक शराब के नशे में आए दिन विवाद और हंगामा करते हैं।
शिकायतों के सत्यापन के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोनल मंडावी और खोमचंद साहू को गिरफ्तार कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहां से वैधानिक कार्रवाई की गई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में थाना सोमनी के वर्ष 2020 के हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी विजय सिंह साहू को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी था। पुलिस ने वारंट तामील कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।










































