
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राजनांदगांव जिले की प्रतिष्ठित श्रीमती सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा समिति के प्रबंधन को लेकर अहम आदेश जारी किया है।
विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत समिति की साधारण सभा के प्रस्तावों के आधार पर नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का मनोनयन किया गया है।महानदी भवन (मंत्रालय) से जारी आदेश क्रमांक/GENS/16881/2025 के अनुसार, ग्राम मनेरी (विकासखंड डोंगरगांव) निवासी श्रीमती पूर्णिमा साहू को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, राजनांदगांव शहर के सोनापारा, वार्ड क्रमांक 24 निवासी मनोज निर्वाणी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजस्व विभाग के अनुसार यह नियुक्तियां समिति के उप-नियमों के नियम 20 के तहत साधारण सभा द्वारा पारित संशोधन प्रस्ताव के अनुरूप तथा नियम 6 में निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई हैं।उल्लेखनीय है कि श्रीमती सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा समिति जिले की एक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण संस्था है, जो रियासतकालीन संपत्तियों, मंदिरों एवं ट्रस्टों के प्रबंधन का कार्य करती है। नई कार्यकारिणी के गठन के बाद अब समिति से जनहित से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई जा रही है।










































