राजनांदगांव: खेलो इंडिया मानसून हॉकी लीग का खिताब खेलो इंडिया सेंटर ने अपने नाम किया…

खिलाड़ियों को अपने खेल कौशल को निखारने का नया प्लेटफॉर्म है मानसून हॉकी लीग – फिरोज़ अंसारी

शूटआउट में खेलो इंडिया सेंटर ने राजनांदगांव इलेवन को हराकर जीता खिताब

राजनांदगांव। जिला हॉकी संघ के मार्गदर्शन में खेलों इंडिया सेंटर राजनंदगाँव द्वारा विगत एक माह से आयोजित मानसून हॉकी लीग का फाइनल मुकाबला एवं समापन समारोह आज अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, राजनांदगांव में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए खेलो इंडिया सेंटर, राजनांदगांव ने शूटआउट में जीत दर्ज कर मानसून हॉकी लीग का खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज़ अंसारी थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला हॉकी संघ के सचिव शिवनारायण धकेता, नीलमचंद जैन, भूषण साव पार्षद छोटेलाल रामटेके रामावतार जोशी,अजय झा तथा शेख महबूब कुरैशी आदि उपस्थित रहे।

प्रतिभागी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि फिरोज़ अंसारी ने कहा कि मानसून हॉकी लीग खिलाड़ियों, विशेषकर युवा प्रतिभाओं, के खेल कौशल को निखारने का एक महत्वपूर्ण मंच है। ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को नियमित प्रतिस्पर्धी माहौल मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो पाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करने का आह्वान किया।

फाइनल मुकाबला खेलो इंडिया सेंटर, राजनांदगांव और राजनांदगांव इलेवन के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच बेहद रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। शुरुआती तीन क्वार्टर तक राजनांदगांव इलेवन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 3–0 की बढ़त बना ली थी।

हालांकि चौथे क्वार्टर में खेलो इंडिया सेंटर ने शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन गोल दागकर स्कोर 3–3 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद मैच का फैसला शूटआउट से किया गया, जिसमें खेलो इंडिया सेंटर ने 4–1 से जीत दर्ज कर फाइनल का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मैच में किशोर धीवर, राजेश निर्मलकर और संदीप यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई,

समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही विशेष पुरस्कार में हेमन देवांगन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट,धनंजय यादव को बेस्ट डिफेंडर,काव्यांश यादव को बेस्ट फॉरवर्ड,दक्ष चौबे को बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार अतिथियों द्वारा दिया गया।

कार्यक्रम संयोजक शकील अहमद (खेलो इंडिया कोच)ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों एवं सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए आभार व्यक्त किया,

इस अवसर पर प्रमुख रूप से महेंद्र ठाकुर,बालमुकुंद पटेल गुणवंत पटेल, जावेद खान, दीपक यादव, विकाश वैष्णव,योगेश द्विवेदी, अभिनव मिश्रा, कमल चौरसिया, मुकेश जायसवाल, शकील अहमद, खेमराज सिन्हा, सुखदेव निर्मलकर, आशीष सिन्हा,तौफ़ीक़ अहमद, खुशाल यादव, कृष्णा यादव, संदीप यादव लक्ष्मी पटेल सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।