राजनांदगांव: महाराष्ट्र निर्मित अवैध शराब के साथ बाइक सवार गिरफ्तार, 40 पौवा शराब और मोटरसाइकिल जब्त…

राजनांदगांव। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गैंदाटोला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र निर्मित अवैध शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 पौवा देशी शराब और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।


पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू के नेतृत्व में अवैध शराब, गांजा और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 13 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति फैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 08 Z 5987) से ग्राम फाफामार की ओर से गैंदाटोला की तरफ अवैध शराब लेकर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने फाफामार-गैंदाटोला मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहन को रोका।


पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अशोक रामटेके (65 वर्ष), निवासी ग्राम भंडारीभरदा, थाना डोंगरगांव बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 40 पौवा महाराष्ट्र निर्मित प्रीमियम डीलक्स सुपर संत्रा देशी शराब बरामद हुई। शराब के परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 7.2 लीटर शराब तथा 15 हजार रुपये कीमत की फैशन प्रो मोटरसाइकिल सहित कुल 18,200 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक मेघनाथ सिन्हा, आरक्षक नरेश प्रधान एवं राकेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।