back to top

राजनांदगांव: गणेश प्रतिमा लेने पहुंचे श्रद्धालुओं को बांटे निःशुल्क पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश…

राजनांदगांव। धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की अनूठी पहल करते हुए तेजस्वी शिक्षा एवं सेवा समिति राजनांदगांव द्वारा सोमवार को महावीर चौक स्थित गणेश पंडाल में निःशुल्क पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समिति की ओर से गणेश प्रतिमा लेने पहुंचे श्रद्धालुओं को फलदार एवं छायादार पौधे निःशुल्क वितरित किए गए। इस दौरान लोगों को पौधरोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया गया।

Advertisements

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला भाजपा अध्यक्ष कमल सिंह राजपूत, पार्षद रवि सिन्हा और किसान नेता दादू राम सोनकर शामिल हुए। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को पौधों का वितरण किया। कमल सिंह राजपूत ने समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना सराहनीय प्रयास है। पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना भी हमारी जिम्मेदारी है। ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान श्री गणेश से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामना पूर्ण होने की कामना की।

धार्मिक आयोजन के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश

तेजस्वी शिक्षा एवं सेवा समिति के संचालक तेजस्वी वर्मा ने कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य से जुड़ी जिम्मेदारी है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। समिति द्वारा लोगों को पौधे उपलब्ध कराने के साथ उन्हें पौधों की देखभाल के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं ने कहा—पौधा लेकर जाएंगे, घर पर करेंगे देखभाल

कार्यक्रम में पौधा प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं ने भी समिति की पहल की सराहना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि गणेश प्रतिमा के साथ पौधा घर ले जाना एक सकारात्मक संदेश है। भगवान गणेश के आशीर्वाद के साथ यदि प्रत्येक परिवार एक पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल करे तो शहर में हरियाली बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ा योगदान दिया जा सकता है। श्रद्धालुओं ने कहा कि धार्मिक पर्व को पर्यावरण से जोड़ने की यह पहल लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित करती है।

कार्यक्रम में तेजस्वी शिक्षा एवं सेवा समिति के संचालक तेजस्वी वर्मा, सदस्य दीपक वर्मा, राहुल जेमा, गोविंद वर्मा, गोपाल साहू, राजेश साहू, धनेंद्र साहू, मुकेश सिन्हा, देवचंद, डाकेश्वर वर्मा, कुंदन जंघेल, खिल्लू साहू, सीमा साहू, भूमिका वर्मा एवं नेहा साहू सहित समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page