
राजनांदगांव। गणेश विसर्जन झांकी को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से राजनांदगांव पुलिस ने 33 गणेश झांकी समितियों एवं डीजे-धुमाल संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में झांकी के निर्धारित रूट, डीजे साउंड सिस्टम, ध्वनि सीमा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

18 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागृह में आयोजित बैठक में कलेक्टर जितेन्द्र यादव एवं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सी.एल. मारकण्डे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने झांकी समितियों के पदाधिकारियों तथा डीजे-धुमाल संचालकों से चर्चा की।
बैठक में समितियों को निर्देशित किया गया कि झांकियां निर्धारित रूट पर ही निकाली जाएं और विभिन्न समितियों के बीच आपसी समन्वय बनाए रखा जाए। निर्धारित समय का पालन करने पर भी जोर दिया गया, ताकि झांकी के दौरान अनावश्यक भीड़ और यातायात जाम की स्थिति न बने।
डीजे को लेकर दिए स्पष्ट निर्देश
पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी। झांकी में 04 बेस और 04 टॉप, कुल 08 साउंड सिस्टम निर्धारित सीमा में ही संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ध्वनि की तीव्रता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने और अश्लील, आपत्तिजनक या विवादित गाने नहीं बजाने को कहा गया।
वाहन और ईंधन व्यवस्था पर भी जोर
बैठक में झांकी में इस्तेमाल होने वाले वाहनों और जनरेटर में पर्याप्त ईंधन पहले से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कहा कि झांकी के बीच में ईंधन खत्म होने से वाहन रुकने और यातायात बाधित होने की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा वाहन चालकों को झांकी के दौरान वाहन छोड़कर अनावश्यक रूप से इधर-उधर नहीं जाने तथा वाहन की चाबी अपने पास रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने सभी झांकी समितियों और डीजे संचालकों से प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए गणेश विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, अनुशासित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, क्राइम डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, डीएसपी के.पी. मरकाम, डीएसपी यातायात के.के. बाजपेई, थाना कोतवाली प्रभारी उपेन्द्र शाह, थाना बसंतपुर प्रभारी कौशलेश देवांगन, थाना लालबाग प्रभारी रमेश पटेल, थाना सोमनी प्रभारी एमन साहू, यातायात प्रभारी नवरत्न कश्यप, चौकी चिखली प्रभारी कैलाश मरई सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।










































