
राजनांदगांव। शहर के ममता नगर स्थित एक अनाज गोदाम से लाखों रुपये के अनाज चोरी करने वाले दो आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए अनाज की बिक्री से प्राप्त 7,900 रुपये नगद भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ममता नगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित दुलीचंद शिवचंद पारख फर्म के प्रबंधक ने 3 जून की रात कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गोदाम में मार्च 2026 से रखे गए चना खंडा, सोयाबीन और मसूर की बोरियों में लगातार कमी पाई जा रही थी। जांच के दौरान गोदाम के ताले और चैन भी कई बार संदिग्ध स्थिति में मिले। मिलान करने पर करीब 4.50 लाख रुपये मूल्य के अनाज की चोरी होना सामने आया।
रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने गोदाम और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज से मिले सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर राहुल कुर्रे (27 वर्ष) निवासी सतनामी पारा, पुराना ढाबा और दिनेश साहू (25 वर्ष) निवासी शिव नगर, ढाबा रोड, चिखली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए अनाज की बिक्री से प्राप्त 7,900 रुपये बरामद किए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 4 जून को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल कुर्रे के खिलाफ पहले से भी लालबाग और कोतवाली थाना में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले के खुलासे में कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और पेट्रोलिंग टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































