back to top

राजनांदगांव : ग्राम मुसराकला में विकासखंड स्तरीय प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत आवास मेला एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम संपन्न…


– श्रीमती फूलमत बाई के आवास निर्माण के लिए किया गया भूमि पूजन एवं श्री हेमसिंह ठाकुर को कराया गया गृह प्रवेश
राजनांदगांव 24 अक्टूबर 2024। जनपद पंचायत डोंगरगढ़ के ग्राम मुसराकला में विकासखंड स्तरीय प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास मेला एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद श्री मधुसूदन यादव उपस्थित थे। इसके साथ ही कार्यक्रम में अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव श्री सचिन बघेल, श्री रमेश बघेल, श्री कोमल सिंह, श्री बोधीराम साहू,

श्री लक्ष्मीनारायण वर्मा, सरपंच मुसराकला श्री कमल निर्मलकर, सरपंच धुसेरा श्री पिताम्बर सिन्हा, सरपंच श्री तामेश्वर उपस्थित थे। पूर्व सांसद श्री मधुसूदन यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास स्वीकृत होने पर हितग्राहियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि जनपद पंचायत डोंगरगढ़ अंतर्गत अब तक लगभग 60 करोड़ 44 लाख रूपए की राशि के कुल 5037 आवास के स्वीकृत किए गए हंै। साथ ही 4636 हितग्राहियों को प्रथम किस्त के रूप में लगभग 18 करोड़ 54 लाख रूपए की राशि बैंक खाते में अंतरित कर दी गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को प्रथम किस्त प्राप्त होने के बाद जल्द से जल्द आवास पूर्ण करने का आग्रह किया। साथ ही समय पर आवास पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित करने की बात कही।


इस दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा नवीन स्वीकृत हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र का वितरण, पूर्ण हुए आवास हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र एवं गृह प्रवेश प्रतीकात्मक चाबी वितरण किया गया। पूर्व सांसद श्री मधुसूदन यादव ने आवास योजना के हितग्राही ग्राम मुसराकला निवासी श्रीमती फूलमत बाई के निवास पर जाकर भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने ग्राम मुसराकला निवासी श्री हेमसिंह ठाकुर को गृह प्रवेश कराया और गृह प्रवेश पर हितग्राही को शॉल-श्रीफल प्रदान कर नवीन आवास की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधि, जनपद पंचायत विकास विस्तार अधिकारी, वरिष्ठ करारोपण अधिकारी, विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक, उपअभियंता, अन्य कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page