back to top

राजनांदगांव: चाट-गुपचुप बेचने को लेकर विवाद, तीन युवकों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत भेजा गया जेल…


राजनांदगांव, 21 जून। शहर के तुलसीपुर क्षेत्र में चाट-गुपचुप बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Advertisements


इसी क्रम में रविवार को बख्तावर चाल, तुलसीपुर में विवाद होने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि मिथलेश उर्फ मयंक ठाकुर (24 वर्ष), उत्तम साहू (22 वर्ष) और नितिन भागवत (22 वर्ष) बाहर से आकर मोहल्ले में चाट-गुपचुप बेचने की बात को लेकर कुछ लोगों से विवाद और झगड़ा कर रहे थे।


मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आक्रोशित होकर गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गए। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका पैदा हो गई।


इसके बाद पुलिस ने तीनों युवकों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। बाद में उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेजने के आदेश जारी किए गए।

Advertisements

You cannot copy content of this page