
डोंगरगढ़ के ग्राम मेढ़ा की घटना, हत्या की नीयत से हमला करने का आरोप
राजनांदगांव। जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मेढ़ा में छह वर्षीय मासूम बच्चे के साथ मारपीट कर उसे बिजली के तार पर पटकने का मामला सामने आया है। घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की शिकायत पर डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चेतन कंवर (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम मेढ़ा में छह वर्षीय बच्चा पड़ोस के बच्चों के साथ गली में खेल रहा था। इसी दौरान आरोपी चेतन कंवर ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए बच्चे को उठाकर घर के पास स्थित बिजली के खंभे के स्टेशन तार पर पटक दिया। इससे बच्चे को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद बच्चे के पिता चेतन कुमार चंद्रवंशी ने डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 633/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 और 109 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने आरोपी की पतासाजी की। पूछताछ और जांच के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे 26 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।










































