राजनांदगांव: जमातपारा में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर बसंतपुर पुलिस की कार्रवाई, दो लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही…

राजनांदगांव, 09 जून 2026। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बसंतपुर पुलिस ने जमातपारा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है। दोनों को माननीय एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 9 जून को सूचना मिली कि जमातपारा स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर कार्यालय में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है और बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना बसंतपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस को मौके पर एक महिला मिली, जिसने स्वयं को कैलाश लॉज संचालक प्रीमन कुमार जैन उर्फ अप्पू जैन के साथ आने की जानकारी दी। पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए थाना लेकर आई। पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों द्वारा संतोषजनक एवं स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई तथा पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते हुए टालमटोल किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों का व्यवहार भी अव्यवस्थित था, जिससे क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका बनी हुई थी।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रीमन कुमार जैन उर्फ अप्पू जैन (45 वर्ष), निवासी केशर नगर, राजनांदगांव एवं कविता वर्मा, निवासी ग्राम नाथूनवागांव, थाना लालबाग के विरुद्ध पृथक-पृथक प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें माननीय एसडीएम न्यायालय, राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तथा असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।