राजनांदगांव: साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल अकाउंट धारक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल…

राजनांदगांव, 09 जून 2026। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल अकाउंट के एक धारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रूपेन्द्र कुमार वर्मा (25 वर्ष) पिता मोहन लाल वर्मा, निवासी ग्राम पलान्दुर, ओ.पी. मोहारा, थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव का रहने वाला है। आरोपी विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त राशि के लेन-देन में शामिल था।


पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।


जांच के दौरान भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत संचालित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के “समन्वय पोर्टल” से प्राप्त जानकारी के आधार पर ऐसे बैंक खातों की पहचान की गई, जिनका उपयोग साइबर ठगी से अर्जित धनराशि को प्राप्त करने और आगे स्थानांतरित करने के लिए किया जा रहा था।


पुलिस जांच में सामने आया कि संबंधित खातों के माध्यम से साइबर अपराध से प्राप्त रकम का लेन-देन किया जा रहा था। आरोपियों को इस बात की जानकारी होने के बावजूद कि राशि धोखाधड़ी से प्राप्त की गई है, वे उसका उपयोग कर रहे थे। इस आधार पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 279/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।


प्रकरण में इससे पहले एक आरोपी चुम्मन कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं दूसरे आरोपी रूपेन्द्र कुमार वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।