
राजनांदगांव,डोंगरगढ़। अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को 3.837 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम को 15 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भानपुरी निवासी रमा शंकर वर्मा (58 वर्ष) ने अपने खेत में बने कमरे में अवैध गांजा छिपाकर रखा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 3.837 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।










































