back to top

राजनांदगांव: तनाव में भी बेहतर फैसले लेने की सीख, पुलिस अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न…

राजनांदगांव रेंज के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए “पेशेवर आचरण एवं मानसिक लचीलापन” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

Advertisements

रक्षित केंद्र राजनांदगांव में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों की कार्यकुशलता, व्यक्तित्व विकास और तनावपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना रहा।

पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में 4 और 5 अगस्त को आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजनांदगांव रेंज के सभी जिलों से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर से लेकर उप निरीक्षक स्तर तक के अधिकारी शामिल हुए।

प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने अधिकारियों को अपने कार्य में होने वाली त्रुटियों से सीख लेकर कार्यक्षमता बढ़ाने और स्वयं को लगातार बेहतर बनाने की सीख दी।

वहीं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने अधिकारियों से मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहकर अपनी कार्यकुशलता तथा सीखने की क्षमता बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को कार्यस्थल पर पेशेवर आचरण, प्रभावी संवाद, नैतिक मूल्यों, टीम भावना, समय प्रबंधन और सकारात्मक कार्य संस्कृति के महत्व की जानकारी दी गई।

साथ ही मानसिक लचीलापन, तनाव प्रबंधन, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संतुलित निर्णय, भावनात्मक नियंत्रण और सकारात्मक सोच विकसित करने के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में नेप्रा कंसल्टिंग की विषय विशेषज्ञ डॉ. नेहा शुक्ला, डॉ. प्रतिभा दईपुरिया, अनिकेत सिंह देवोल एवं उनकी टीम ने विभिन्न उदाहरणों, समूह गतिविधियों और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया।

समापन अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और कौशल का उपयोग अधिकारी अपने दैनिक कार्यों में प्रभावी ढंग से करेंगे, जिससे पुलिसिंग की गुणवत्ता और जनता के प्रति सेवा भाव में और सुधार आएगा।

Advertisements

You cannot copy content of this page