
राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को पुलिस थाना घुमका का वार्षिक निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली, पुलिसिंग व्यवस्था और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थाना स्टाफ के टर्नआउट, वर्दी एवं अनुशासन का जायजा लिया। उत्कृष्ट टर्नआउट और अनुशासित कार्यप्रणाली के लिए थाना के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत भी किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना के दैनिक कार्यों, अपराधों की विवेचना, लंबित शिकायतों और न्यायालय से संबंधित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने रोज़नामचा, विभिन्न रजिस्टरों, अभिलेखों एवं सीसीटीएनएस की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने और विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया।
एसपी अंकिता शर्मा ने थाना के रिकॉर्ड रूम, मालखाना, वायरलेस व्यवस्था, संचार प्रणाली एवं बलवा ड्रिल सामग्री का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों के उचित रखरखाव और पुलिसिंग में तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
अनुशासन और बेहतर कार्यप्रणाली पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ का टर्नआउट, वर्दी एवं अनुशासन संतोषजनक पाए जाने पर एसपी ने कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसके अलावा थाना स्टाफ की मूलभूत समस्याओं एवं आवश्यक सुविधाओं की जानकारी लेकर उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य-परिस्थितियां उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त निर्देशों का समयबद्ध पालन करने तथा आम जनता के प्रति संवेदनशील, पारदर्शी और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी। इस दौरान थाना प्रभारी घुमका अब्दुल समीर सहित थाने के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










































