back to top

राजनांदगांव: दीपक जैन गिडिया ने कहा- दिव्यांगजनों को सहायता के साथ आत्मनिर्भर बनाना जरूरी…

सेवा संकल्प अभियान के तहत जैन बगीचा में विशाल नि:शुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर

राजनांदगांव। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जैन बगीचा में नि:शुल्क विशाल दिव्यांग कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। इस दौरान जिले के चिन्हांकित दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स, बैसाखी, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, वॉकर सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।

भारतीय जैन संघटना राजनांदगांव के जोन सेक्रेटरी दीपक जैन गिडिया ने शिविर की जानकारी देते हुए बताया कि जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी निरंतर प्रयास जरूरी हैं। सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता से ऐसे सेवा कार्य भविष्य में भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शिविर से लाभान्वित दिव्यांगजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांगजनों के दैनिक जीवन को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि केवल सहायक उपकरण उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि दिव्यांगजनों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से छोटे व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक दिव्यांगजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने कहा।

शिविर के माध्यम से राजनांदगांव जिले के 600 से अधिक दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जा रहा है। डोंगरगांव, छुरिया, डोंगरगढ़ एवं राजनांदगांव सहित विभिन्न क्षेत्रों के 250 से अधिक दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर, कृत्रिम हाथ, कैलिपर्स, बैसाखी, ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर सहित आवश्यक उपकरण प्रदान किए गए। शिविर में ऐसे दिव्यांगजन भी लाभान्वित हुए, जिनके घुटने के नीचे अथवा ऊपर तक पैर प्रभावित हैं।

सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण

पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने शिविर के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर और अखिल भारतीय जैन संगठन राजनांदगांव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सेवा एवं जनकल्याण के अनेक कार्यक्रम किए जा रहे हैं। दिव्यांगजनों के लिए आयोजित यह शिविर भी इसी सेवा भावना का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्ति का संदेश दिया गया तथा सभी ने नशामुक्ति का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, भावेश बैद, संयुक्त कलेक्टर शीतल बंसल, एसडीएम गौतम पाटिल, उप संचालक समाज कल्याण वैशाली मरडवार, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर एवं अखिल भारतीय जैन संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page