
राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले में पीड़िता ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 529/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी धरम दास निर्मलकर (37 वर्ष), निवासी कन्हारपुरी वार्ड क्रमांक 34, आजाद चौक, राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात सामने आई। विवेचना में अपराध से संबंधित साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी को 18 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, सहायक उप निरीक्षक नंदनी ठाकुर एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































