
राजनांदगांव। बसंतपुर थाना पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं मोहल्ले में हुड़दंग मचाने वाले चार अन्य लोगों के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान बसंतपुर पुलिस को सूचना मिली कि नंदई चौक मंच के पास एक युवक धारदार चाकू लेकर लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गौरव यादव (22 वर्ष), निवासी नंदई चौक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इसके अलावा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर मोहल्ले में हुड़दंग मचाने वाले रोहण गनवीर, निखिल ढीमर, ऋषिदास मानिकपुरी और शंकर रजक के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट मिलने के बाद सभी को जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी गौरव यादव के खिलाफ पहले से चोरी, आबकारी, मारपीट, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों सहित कई मामले दर्ज हैं। बसंतपुर पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










































