back to top

राजनांदगांव: नाबालिग पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी चंद घंटे में गिरफ्तार…


राजनांदगांव। तुमड़ीबोड़ पुलिस ने नाबालिग युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने 17 वर्षीय युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए उसके हाथ पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।

Advertisements


पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को ग्राम तुमड़ीबोड़ रामनगर निवासी गोविंद बांधे ने पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका 17 वर्षीय पुत्र रामनगर गौठान के पास बैठा था। इसी दौरान तुमड़ीबोड़ निवासी जिनेन्द्र पाल कोरे (22 वर्ष) वहां पहुंचा और युवक को अपने साथ चलने के लिए कहा। युवक द्वारा मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के हाथ में चोट आई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक ने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद उसे पुलिस चौकी लाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 370/2026 के तहत धारा 296, 118(1), 351(3) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आदतन बदमाश है और उसका नाम तुमड़ीबोड़ क्षेत्र के गुंडा-बदमाशों में दर्ज है। उसके खिलाफ मारपीट, चाकूबाजी और चोरी के कई मामले पहले से दर्ज बताए गए हैं।


इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, प्रधान आरक्षक लोकनाथ वर्मा, जगत राम ठाकुर सहित आरक्षक चंद्रशेखर यादव, लोकेश साहू, संजय यारदा, देवानंद परतेती, विजेंद्र सिंह एवं चौकी तुमड़ीबोड़ के पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page