back to top

राजनांदगांव: नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार…

राजनांदगांव/डोंगरगांव। नाबालिग बच्चों और महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर राजनांदगांव पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

डोंगरगांव थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ अपराध करने के आरोप में एक युवक को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने थाना डोंगरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी 8 अप्रैल 2026 को घर से बाहर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।

परिजनों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के बीच उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और डोंगरगांव एसडीओपी मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में पुलिस टीम को नाबालिग बालिका की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश भेजा गया।

पुलिस टीम ने जांच और पतासाजी के दौरान लखीमपुर खीरी जिले के फूलबेहड़ थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 9 अगस्त को नाबालिग बालिका को बरामद किया। मामले में आरोपी मोहित कुमार गौतम, उम्र 23 वर्ष, निवासी उत्तर प्रदेश को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ एवं विवेचना में आरोपी के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उप निरीक्षक रामेश्वरी बघेल, प्रधान आरक्षक बृजमोहन यादव और आरक्षक चंद्रकांत सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page