
डोंगरगढ़ पुलिस की कार्रवाई, 390 ग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी जब्त; गांजा सप्लाई करने वाले दूसरे आरोपी की तलाश जारी
राजनांदगांव। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में डोंगरगढ़ पुलिस ने गांजे का अवैध परिवहन और बिक्री करने वाले 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 390 ग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी सहित कुल 59 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की है। मामले में गांजा उपलब्ध कराने वाले एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को डोंगरगढ़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामाटोला निवासी पालेश्वर सेन स्कूटी में गांजा रखकर उसका अवैध परिवहन और बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मोचीपारा में राधेलाल मालाकार के घर के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से नीले रंग की प्लास्टिक झिल्ली में रखा 390 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 19 हजार 500 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 08 AT 2189, जिसकी कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है, को भी जब्त किया गया। इस तरह पुलिस ने कुल 59 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पूछताछ के दौरान आरोपी पालेश्वर सेन के मेमोरेंडम कथन में दिगम्बर नामक व्यक्ति का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दिगम्बर आरोपी को गांजा उपलब्ध कराता था। फिलहाल पुलिस उसकी पतासाजी में जुटी हुई है।
मामले में थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 693/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक महेश मंडावी, आरक्षक अविलेश ढीढ़ी, मिथलेश पटेल, इंद्रभान एवं रामखिलाव सिन्हा का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










































