back to top

राजनांदगांव: पत्नी-बेटियों से मारपीट और नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा…

राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने पत्नी और बेटियों से मारपीट करने तथा नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ममता नगर निवासी यशवंत सिन्हा (46) के खिलाफ उसकी पत्नी ने 4 अक्टूबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी शराब के नशे में पत्नी और बेटियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करता था तथा जान से मारने की धमकी देकर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। इसके अलावा 13 सितंबर को आरोपी द्वारा अपनी नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत भी दर्ज कराई गई।

शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 614/26 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 74 बीएनएस एवं 8 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत दो बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। आरोपी को 5 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, उप निरीक्षक सुमेन्द्र कुमार खरे और सहायक उप निरीक्षक नंदनी ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page