back to top

राजनांदगांव : फेसबुक पर प्यार, शादी का झांसा और फिर धोखा , डोंगरगढ़ में दुष्कर्म का आरोपी कर्नाटक से गिरफ्तार…

राजनांदगांव। डोंगरगढ़, 25 जुलाई 2025 – जिले में सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुए प्रेम संबंध का अंत गंभीर अपराध में हुआ जब उत्तरप्रदेश निवासी विकास सिंह को शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म करने के मामले में कर्नाटक के बेंगलुरु से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2020 में पीड़िता की फेसबुक पर विकास सिंह (उम्र 25 वर्ष) से जान-पहचान हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे प्रेम संबंध गहराए और परिवारों की जानकारी में यह रिश्ता शादी तक पहुँच गया। जुलाई 2023 में आरोपी और पीड़िता डोंगरगढ़ के एक लॉज में दो दिन के लिए ठहरे, जहां आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाया।

सितंबर 2024 के बाद आरोपी ने पीड़िता से दूरी बनानी शुरू कर दी और शादी से इनकार करने लगा। इस पर पीड़िता ने कोरबा जिले के कोतवाली थाना में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। चूंकि मुख्य घटना डोंगरगढ़ क्षेत्र की थी, अतः मामला थाना डोंगरगढ़ को सौंपा गया। डोंगरगढ़ थाना में धारा 69 बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 184/2025 दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी बेंगलुरु (कर्नाटक) में एक वेल्डिंग की दुकान में काम कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा, और एसडीओपी श्री आशीष कुंजाम के निर्देश पर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर उप निरीक्षक रामेश्वरी बघेल को कर्नाटक भेजा गया। टीम ने तावरेकेरे, चामुंडी अगरबत्ती फैक्ट्री के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर डोंगरगढ़ थाना लाया गया और न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।

गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम: निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह उप निरीक्षक रामेश्वरी बघेल महिला आरक्षक अर्चना लकड़ा आरक्षक संजय देवांगन

आरोपी का विवरण:

नाम: विकास सिंह पिता: रमेश सिंह उम्र: 25 वर्ष निवासी: प्रतापगढ़, थाना कोतवाली, उत्तरप्रदेश

Advertisements

You cannot copy content of this page