
राजनांदगांव।बसंतपुर क्षेत्र में राजा साहब द्वारा कुष्ठ पीड़ितों एवं मानव सेवा के उद्देश्य से दान की गई भूमि पर अवैध पेड़ कटाई, मुरूम खनन और कब्जे के आरोपों को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सचिव परवीन मेश्राम के मार्गदर्शन में पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों एवं कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि दान की गई भूमि पर बड़े पैमाने पर सागौन, इमली, बरगद और कौहा सहित कई पेड़ों की कटाई की गई है। जबकि सरकार “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चला रही है। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर डॉक्टर साहब के क्षेत्र में चल रही इन गतिविधियों पर प्रशासन मौन क्यों है।
प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि कलेक्टर को फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से पूर्व सूचना दी गई थी, इसके बावजूद मुलाकात नहीं हो सकी और अपर कलेक्टर से मिलने के लिए कहा गया। इसे लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखी गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र में अवैध मुरूम खनन, कब्जा और कथित “अमेरिका कनेक्शन” को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दान की गई भूमि पर लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।
पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री ने कहा कि“राजा साहब ने यह भूमि मानव सेवा और कुष्ठ पीड़ितों के संरक्षण के उद्देश्य से दान की थी, लेकिन आज उसी जमीन पर पेड़ों की कटाई, अवैध खनन और कब्जे जैसे गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। सरकार एक तरफ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चला रही है और दूसरी तरफ सैकड़ों पेड़ काटे जा रहे हैं। यदि प्रशासन ने जल्द निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्रवासी सड़क पर उतरकर बड़ा जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।”
प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, दान की भूमि के मूल दस्तावेज सार्वजनिक करने तथा CBI और ED जैसी एजेंसियों से जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस नेता आशीष साहू, जय जायसवाल और राहुल मरकाम ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी व्यापक जनआंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।










































