back to top

राजनांदगांव: नामांकन के अंतिम दिन घुमका में सियासी हलचल तेज, 65 प्रत्याशियों ने भरा पर्चा…

राजनांदगांव। घुमका नगर पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन दाखिल करने की अवधि सोमवार के साथ ही समाप्त हो गई है। नामांकन जमा करने के अंतिम दिवस काफी गहमा-गहमी का माहौल देखने को मिला, जहां नपं अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने अपना नामांकन जमा किया। वहीं आप ने भी अपना प्रत्याशी मैदान में उतार दिया है।

Advertisements

जिसके चलते अब मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। वहीं नपं के 15 वार्ड के लिए अंतिम अवधि तक कुल 65 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। बुधवार दोपहर तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी। जिसके बाद ही चुनावी तस्वीर साफ हो पाएगी।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनावी कार्यक्रम के तहत घुमका नगर पंचायत को लेकर 11 मई से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। हालांकि शुरूआती दिनों में प्रत्याशियों की घोषणा नहीं होने के कारण नामांकन दाखिले की प्रक्रिया सुस्त ही देखने को मिली। जैसे ही शुक्रवार और शनिवार की शाम भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा की। सोमवार को नामांकन जमा करने के लिए भारी भीड़ तहसील दफ्तर में देखने को मिली। सोमवार दोपहर तीन बजे तक की तय अवधि तक अभ्यर्थी फार्म जमा करते नजर आए।

घुमका नगर पंचायत के साथ ही जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच और पंच पदों को लेकर हो रहे चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया आगामी एक जून को एक साथ की जाएगी। घुमका नगर पंचायत के लिए मतदान का समय सुबह 8 से शाम 5 बजे तक एवं त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से दोपहर तीन बजे तक का समय तय है।

वहीं घुमका नपं की मतगणना चार जून को होगी। वहीं त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के लिए मतगणना एक जून को ही मतदान के बाद केंद्र में की जाएगी। हालांकि अधिकारिक परिणाम की घोषणा चार जून को होगी।

नामांकन दाखिल करने के दौरान कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही अपना शक्ति प्रदर्शन किया। नामांकन रैली के दौरान प्रत्याशियों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ ही दोनों ही पार्टी के वरिष्ठ नेताआं की उपस्थिति रही। दोनों दलों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए।

Advertisements

You cannot copy content of this page