back to top

राजनांदगांव में नगर निगम का त्वरित एक्शन, त्योहारी कचरे की सुबह से सफाई…

राजनांदगांव। दीपावली के दूसरे दिन नगर पालिक निगम के सफाई कर्मचारियों ने सुबह से ही शहर की सड़कों, चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर फैले त्योहारी कचरे की सफाई में जुटकर सराहनीय कार्य किया। जयस्तंभ चौक, गंज चौक, नंदई चौक सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर निगम के सफाई दल ने पूरी तत्परता के साथ कचरा उठाया और शहर को स्वच्छ रूप प्रदान किया।

Advertisements

दीपावली पर्व के दौरान शहरभर में की गई खरीदारी और सजावट के कारण सड़कों पर भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री, कागज, प्लास्टिक एवं अन्य अवशेष कचरा इकट्ठा हो गया था। निगम के सफाई कर्मचारियों ने तड़के से ही मोर्चा संभालते हुए सभी मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों की सफाई कर दी, जिससे शहरवासी सुबह उठते ही साफ-सुथरी सड़कों का नजारा देख प्रसन्न नजर आए।

नगर निगम प्रशासन ने बताया कि त्योहारी सीजन में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दीपावली के बाद भी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सफाई कर्मियों की अतिरिक्त टीमों को लगाया गया है।

शहरवासियों ने भी नगर निगम के इस त्वरित सफाई अभियान की सराहना करते हुए कहा कि दिवाली के बाद इतनी जल्दी सफाई होना निगम की सक्रियता को दर्शाता है।

Advertisements

You cannot copy content of this page