back to top

राजनांदगांव में नो पार्किंग पर पुलिस की सख्ती, दो दिनों में 143 वाहनों पर कार्रवाई, ₹59 हजार जुर्माना…

राजनांदगांव। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से राजनांदगांव यातायात पुलिस ने नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान दो दिनों में 143 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 59 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

Advertisements

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में की गई। अभियान के तहत शहर के प्रमुख सर्विस रोड और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की जांच की गई।

यातायात पुलिस ने मोटरयान अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की। साथ ही लोगों को सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने, केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।

पुलिस ने शहर के व्यापारियों से भी अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में माल की लोडिंग और अनलोडिंग निर्धारित समय के अनुसार ही कराएं, ताकि बाजार क्षेत्र में यातायात बाधित न हो। दुकानदारों और नागरिकों से अपने तथा ग्राहकों के वाहन केवल व्हाइट पार्किंग पट्टी यानी निर्धारित पार्किंग क्षेत्र में खड़े कराने का अनुरोध किया गया है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा कर यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page