back to top

राजनांदगांव में 59 एनडीपीएस प्रकरणों की जब्त सामग्री नष्ट, 270 किलो गांजा और 1847 नशीली गोलियां की गईं नष्ट…

राजनांदगांव। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत विभिन्न थानों में जब्त किए गए 59 प्रकरणों की मादक सामग्री का विधिवत नष्टीकरण किया। इस दौरान करीब 270 किलोग्राम गांजा और 1847 नशीली टैबलेट नष्ट की गईं।


यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार गठित जिला स्तरीय समिति की निगरानी में की गई। समिति की अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) की मौजूदगी में ग्राम सांकरा (पोस्ट सोमनी) स्थित निजी प्लांट में एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया।


इस दौरान समिति के सदस्य सहायक आयुक्त आबकारी राजेश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, सीएसपी श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.), थाना प्रभारी सोमनी दिलीप पटेल सहित विभिन्न थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


पुलिस ने बताया कि नष्टीकरण की प्रक्रिया से पहले छत्तीसगढ़ पर्यावरण विभाग, ग्राम पंचायत और संबंधित फर्म से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त कर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं।


नष्टीकरण में शामिल 59 प्रकरणों में थाना घुमका के 4, कोतवाली के 13, चिखली के 5, लालबाग के 6, डोंगरगांव के 3, बसंतपुर के 5, सुरगी का 1, सोमनी के 8, डोंगरगढ़ के 13 और मोहारा का 1 प्रकरण शामिल रहा।

Advertisements

You cannot copy content of this page