back to top

राजनांदगांव: मोहारा में खेत के बोरघर से 89.46 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त…

497 पौवा शराब के साथ 2820 स्टीकर, 2541 लेबल और पैकिंग सामग्री बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

राजनांदगांव। अवैध शराब के संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल और चौकी मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस ने ग्राम मोहारा में खेत के बोरघर में छिपाकर रखी गई 89.46 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

पुलिस के अनुसार 11 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शराब भट्ठी जाने वाले मार्ग के पास स्थित दउवा वर्मा के खेत में बने बोरघर में बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बिक्री के लिए डंप कर रखी गई है।

सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद चौकी प्रभारी निरीक्षक शंकर गिरी गोस्वामी और साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान बोरघर से उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा स्प्रीट के 429 पौवा, प्रत्येक 180 एमएल, कुल 77.22 बल्क लीटर तथा छत्तीसगढ़ निर्मित जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 68 पौवा, कुल 12.24 बल्क लीटर बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक कुल 89.46 बल्क लीटर शराब की अनुमानित कीमत करीब 47,462 रुपए है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस को शराब की पैकिंग और लेबलिंग से जुड़ी सामग्री भी बड़ी मात्रा में मिली। मौके से 2820 स्टीकर, 2541 लेबल पर्चियां, 303 खाली प्लास्टिक शीशियां, 598 ढक्कन तथा एक लोहे की कैंची सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। इस बरामदगी से पुलिस ने अवैध शराब की पैकिंग और लेबलिंग से जुड़े नेटवर्क की जांच भी तेज कर दी है।

मौके पर मौजूद बोरघर मालिक दउवा वर्मा (60 वर्ष) से शराब एवं अन्य सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज, परमिट या लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में उसके द्वारा शराब को अपने भांजे नंदकिशोर वर्मा उर्फ नीतू उर्फ छोटे कट्टी द्वारा मंगाए जाने तथा महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़े कट्टी द्वारा बोरघर में डंप किए जाने की जानकारी दी गई।

पुलिस ने मामले में दउवा वर्मा को हिरासत में लिया तथा नंदकिशोर वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार आरोपी महेन्द्र वर्मा (28 वर्ष) की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार तलाश कर रही है।

मामले में दउवा वर्मा, महेन्द्र वर्मा और नंदकिशोर वर्मा के खिलाफ धारा 34(2), 36 एवं 59 आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

जब्त शराब के नमूने रासायनिक/गुणवत्ता परीक्षण के लिए सीलबंद किए गए हैं तथा शेष शराब और अन्य सामग्री को भी विधिवत जब्त कर सीलबंद किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, डीएसपी क्राइम श्री सत्य प्रकाश तिवारी और एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केसरी नंदन नायक के निर्देशन में की गई।

पुलिस ने कहा कि अवैध शराब के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page