
शिवनाथ नदी में बाढ़ बचाव अभियान और आपदा प्रबंधन में उत्कृष्ट सेवा के लिए मिला सम्मान, गृहग्राम रवेली में हुआ भव्य स्वागत

राजनांदगांव। नगर सेना राजनांदगांव के जांबाज नायक क्रमांक 184 श्री उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में चलाए गए साहसिक बाढ़ बचाव अभियान, आपदा प्रबंधन एवं सराहनीय सेवा के लिए केंद्र सरकार द्वारा गृह रक्षक एवं नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक (राष्ट्रपति पदक श्रेणी) से सम्मानित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से नगर सेना विभाग सहित जिले और गृहग्राम रवेली में हर्ष का माहौल है।
श्री साहू ने बाढ़ राहत एवं आपदा प्रबंधन के दौरान अपनी कर्तव्यनिष्ठा, साहस और समर्पण का परिचय देते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए केंद्र सरकार द्वारा उन्हें प्रतिष्ठित सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद फायर स्टेशन पहुंचने पर जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री ए.के. सिंह, फायर स्टेशन प्रभारी ईमाम बेग सहित नगर सेना अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने श्री उत्तम कुमार साहू का फूलमाला एवं गुलदस्ता भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इसके बाद श्री साहू को फायर स्टेशन कार्यालय से फायर वाहन के माध्यम से उनके गृहग्राम रवेली पहुंचाया गया। गांव पहुंचने पर जिला पंचायत सदस्य, सरपंच, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं परिवारजनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत और सम्मान किया। ग्रामीणों ने उनकी उपलब्धि को पूरे गांव के लिए गौरव का विषय बताते हुए उन्हें बधाई दी।
श्री उत्तम कुमार साहू को मिले राष्ट्रपति श्रेणी के सराहनीय सेवा पदक को उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और आपदा के समय लोगों की सहायता के लिए समर्पण का सम्मान माना जा रहा है। उनकी इस उपलब्धि से नगर सेना विभाग और उनके गृहग्राम रवेली का नाम गौरवान्वित हुआ है।










































