
बक्शी स्कूल में युवा संवाद, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित; महापौर ने युवाओं से किया संवाद
राजनांदगांव। पदुमलाल पुन्नालाल बक्शी स्कूल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के अंतर्गत युवा संवाद, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महापौर श्री मधुसूदन यादव ने विशेष रूप से पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि लोकतंत्र की ताकत जनता का जनादेश, संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान और कानून का शासन है।
राजनीतिक स्वार्थ के लिए जनता के बीच भ्रम फैलाना, संवैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठाकर अराजकता का माहौल बनाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
एसआईआर, एसएसआर एवं कथित वोट चोरी जैसे मुद्दों पर फैलाई जा रही भ्रांतियों के बीच युवाओं को तथ्यों के आधार पर अपनी राय बनानी चाहिए। लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर व्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिश स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उन्हें राजनीतिक घटनाक्रमों को समझने, सही और गलत के बीच अंतर करने तथा राष्ट्रहित और संवैधानिक मूल्यों को सर्वोपरि रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
युवा संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने भी देश में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और अराजकता के माहौल पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने राजनीति में मर्यादा, जिम्मेदारी और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर स्कूल अध्यक्ष श्री देवशरण सेन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री रवि सिन्हा, श्री शेखर यादव, श्री राजेश यादव, श्री प्रवीण शुक्ला एवं श्री बलवंत साव सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।










































