back to top

राजनांदगांव: लोहा बिक्री के 1.22 लाख रुपये लेकर फरार ड्राइवर गिरफ्तार…

राजनांदगांव। अमानत में खयानत के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी गिरफ्तारी वारंटी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लोहा बिक्री से प्राप्त 1 लाख 22 हजार रुपये लेकर फरार होने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को भाटापारा क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Advertisements

पुलिस के अनुसार, 10 मई 2025 को प्रार्थी ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका ड्राइवर राजू उर्फ शफीक खान (40 वर्ष), निवासी देवरीडीह, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर वाहन क्रमांक सीजी 08 एएस 6032 में लोहा लेकर एलबी नगर गया था। वाहन खाली होने के बाद वहां की पार्टी द्वारा ड्राइवर को लोहा बिक्री की 1.22 लाख रुपये की नगद राशि दी गई।

आरोप है कि ड्राइवर राजू उर्फ शफीक खान ने उक्त रकम मालिक को नहीं दी और न ही रकम प्राप्त होने की कोई सूचना दी। इसके बाद वह वाहन को राजनांदगांव के नेहरू नगर स्थित जलाराम स्वीट्स के पास छोड़कर फरार हो गया। मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 230/2025 के तहत बीएनएस की धारा 316(3) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की लगातार तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। आरोपी के लगातार फरार रहने के कारण उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए फरारी में चालान पेश किया गया तथा न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी कराया गया।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम को भाटापारा, जिला बलौदाबाजार भेजा गया। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट की तामिली करते हुए उसे 18 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और जिला बिलासपुर पुलिस द्वारा उसके खिलाफ तड़ीपार की कार्रवाई की जा चुकी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, प्रधान आरक्षक जी. सिरिल कुमार एवं आरक्षक श्रीनिवास राव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page