back to top

राजनांदगांव: वाद-विवाद और मारपीट की धमकी देने वाले दो युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, सुरगी पुलिस की सख्ती…

राजनांदगांव: जिले की पुलिस चौकी सुरगी ने कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले दो युवकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में की गई।

Advertisements

पुलिस के अनुसार 27 जुलाई को ग्राम कोटराभाठा के ग्रामीणों ने पुलिस चौकी सुरगी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम सुरगी निवासी कुलदीप साहू और नेमन साहू सार्वजनिक स्थल पर युवाओं को ताश खेलने के लिए एकत्रित करते हैं। ग्रामीणों द्वारा मना करने पर दोनों वाद-विवाद करते हुए मारपीट की धमकी देते थे, जिससे गांव में शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर दोनों युवकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुलदीप साहू (24 वर्ष) पिता राधेश्याम साहू तथा नेमन साहू (24 वर्ष) पिता कार्तिक राम साहू, दोनों निवासी सुरगी, को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।

न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।

पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page