
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से आरोपी युवराज चंद्रवंशी से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू होने के बाद आरोपी ने युवती का मोबाइल नंबर लिया और संपर्क में रहने लगा।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 28 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने उसे डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद स्टेशन स्थित एक लॉज में ले जाकर शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी ने अलग-अलग स्थानों पर युवती को बुलाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
बाद में युवती 25 सितंबर 2026 को आरोपी के घर गोपालपुर पहुंची, जहां आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद युवती ने घटना की जानकारी अपने परिजनों और गांव वालों को दी तथा 1 अक्टूबर 2026 को थाना डोंगरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 579/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी युवराज चंद्रवंशी, पिता हीरम सिंह चंद्रवंशी, उम्र 22 वर्ष, निवासी गोपालपुर, थाना छुरिया, जिला राजनांदगांव को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए गए। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी एवं डोंगरगढ़ पुलिस टीम द्वारा की गई।











































