back to top

राजनांदगांव: होटल संचालक से 800 रुपये की अवैध वसूली और तोड़फोड़, फरार आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। चिचोला पुलिस ने होटल संचालक से धारदार चाकू दिखाकर अवैध वसूली करने और होटल में तोड़फोड़ के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 18 सितंबर 2026 को लालबहादुर नगर निवासी नीरज कुमार पटेल ने पुलिस चौकी चिचोला में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपने होटल में मौजूद था, तभी कार क्रमांक CG 08 BC 5595 से सात व्यक्ति होटल के सामने पहुंचे और उससे 800 रुपये की मांग करने लगे।

रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने धारदार चाकू दिखाकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए होटल के सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना की सूचना प्रार्थी ने तत्काल डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केशव साहू, पूरन साहू, विनोद नंदेश्वर और आकाश यादव को 19 सितंबर को गिरफ्तार किया था। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने पर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।

मामले में फरार आरोपी सचिन वर्मा, कैलाश यादव और मोनु की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान 2 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सचिन वर्मा (23 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, डोंगरगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 08 BC 5595 को भी पुलिस ने जब्त किया है।

आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश और पतासाजी जारी है।

प्रकरण में धारा 296, 351(2), 189, 308(2), 119, 191(3) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव, सउनि बीरेन्द्र नाविक, आरक्षक गजेन्द्र भारद्वाज, आरक्षक रमेश कतलाम, आरक्षक केश लाल रात्रे एवं महिला आरक्षक कुसुम एक्का की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page