back to top

राजनांदगांव: सड़क पर थार से रोककर लूट, 24 घंटे में चार आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल थार भी जब्त…

राजनांदगांव। घुमका थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरडीहखुर्द देवडोंगर चौक के पास मुख्य सड़क पर चारपहिया वाहन को रोककर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने करीब 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

Advertisements

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया डीआई योद्धा वाहन, दो मोबाइल फोन और ₹3200 नकद सहित कुल ₹4 लाख 8 हजार 200 रुपये का माल बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा थार वाहन, जिसकी कीमत करीब ₹12 लाख बताई गई है, को भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार 9 सितंबर को वार्ड नंबर 46 कोढ़ीखाना रोड बसंतपुर निवासी संजय साहू ने थाना घुमका में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम डुमरडीहखुर्द देवडोंगर चौक के पास मुख्य सड़क पर सामने से आ रही काले रंग की थार में सवार चालक और उसके साथियों ने उनका डीआई योद्धा वाहन रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल फोन और नकदी समेत वाहन लूटकर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगांव मंजुलता बाज और डीएसपी क्राइम सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में थाना घुमका और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पतासाजी शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने अनमोल चंदेल (29), खिलेश्वर साहू उर्फ बादल साहू (29), जे. गौतम राव (24) और लक्ष्मण शिवप्रसाद सोनबोइर (20) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में चारों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया डीआई योद्धा वाहन, दो मोबाइल फोन और ₹3200 नकद बरामद किए। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा थार और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।

पुलिस ने चारों आरोपियों को 10 सितंबर की रात गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई पूरी की। शुक्रवार को सभी आरोपियों को न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी घुमका निरीक्षक अब्दुल समीर सहित थाना घुमका पुलिस टीम और साइबर सेल राजनांदगांव के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page